तीसा (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र के बागवानों-किसानों को जल्द फल एवं सब्जी विपणन मंडी की सुविधा मिलेगी। शिमला मार्केटिंग कमेटी ने इसके लिए कदमताल शुरू कर दी है।
चुराह के आना में फल एवं सब्जी विपणन मंडी के लिए कोल्ड स्टोर की मरम्मत करवाने के बाद यहां दस दुकानें बनाने, मंडी तक सड़क बनाने समेत जरूरत के अनुसार डंगे लगाने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए शिमला मार्केटिंग कमेटी ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर हासिल करने वाले ठेकेदार को उक्त कार्य करने के लिए छह माह का समय दिया जाएगा।
आने वाले समय में क्षेत्र के किसानों-बागवानों को फसलों को एक जगह पर एकत्रित करने, उनकी बोली लगाने, उनकी ग्रेडिंग समेत पैकेजिंग करने के लिए सुरक्षित जगह उपलब्ध होगी। चुराह में फल एवं सब्जी विपणन मंडी के तैयार होने से क्षेत्र के सैकड़ों किसानों-बागवानों को लाभ मिलेगा।
चुराह विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश उपजाऊ क्षेत्रों के किसान-बागवान खेतीबाड़ी और फलों का उत्पादन कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। चुराह में कोल्ड स्टोर या सब्जी मंडी न होने से बागवानों-किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। उन्हें अपनी फसलों को औने-पौने दाम में व्यापारियों को बेचना पड़ता है। कई बार उन्हें मेहनत के अनुरूप दाम भी नहीं मिल पाते हैं। जिला मार्केटिंग कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन ललित ठाकुर ने बीते दिनों चुराह में फल एवं सब्जी विपणन मंडी की संभावनाएं तलाश की थीं। इसके बाद अब शिमला मार्केटिंग कमेटी से चुराह में फल एवं सब्जी विपणन मंडी के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। संबंधित ठेकेदार को यह कार्य करीब छह माह में पूरा करना होगा।
जिला मार्केटिंग कमेटी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर ने बताया कि चुराह में फल एवं सब्जी विपणन मंडी को लेकर टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। इसके तहत दुकानें, सड़क और जरूरत के अनुसार डंगों का निर्माण होगा। जल्द कार्य शुरू करवाया जाएगा।