चंबा। जिला कारागार से भागे दुष्कर्म के आरोपी को पकड़वाने पर 50,000 रुपये के इनाम का एक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने साफ कहा है कि इस तरह का कोई पोस्टर विभाग की ओर से जारी नहीं किया है। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर यह पोस्टर बनाया किसने और वायरल क्यों किया। आरोपी पिछले ढाई महीने से पुलिस को चकमा दे रहा है। जेल से भागने के बाद उसने जडेरा क्षेत्र में पीड़िता के दादा को गोली मारकर घायल कर दिया था और मौके से फरार हो गया था। उस समय पुलिस ने चारों तरफ जाल बिछाकर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया था, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर ने लोगों में यह धारणा बना दी कि आरोपी की सूचना देने वाले को पुलिस 50 हजार रुपये का इनाम देगी, जबकि हकीकत यह है कि पुलिस ने इस तरह की कोई घोषणा नहीं की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से लगी हुई है, लेकिन इनाम से जुड़ा पोस्टर पूरी तरह फर्जी है और उसका पुलिस से कोई लेना-देना नहीं है।