चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ ने जिले के दूरदराज इलाकों के बीमार बच्चों के इलाज को लेकर परामर्श दिया। शनिवार को मेडिकल कॉलेज का बाल रोग विभाग ई-संजीवनी पोर्टल के साथ जुड़ा। इसमें बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ईरा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों को ऑनलाइन परामर्श दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ऐसा जो भी बीमार बच्चा आया जिसे देख चिकित्सक को बाल रोग विशेषज्ञ की राय लेने की जरूरत पड़ी तो उन्होंने पोर्टल के जरिये विशेषज्ञों से संपर्क किया।
चिकित्सकों की ओर से बीमार बच्चों की बीमारी बताने पर विशेषज्ञों ने उन्हें जरूरी परामर्श दिया। इसी परामर्श के आधार पर पीएचसी में चिकित्सकों ने मरीजों को दवाई लिखी। इससे दूरदराज इलाकों के बीमार बच्चों को प्राथमिक जांच करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज की दौड़ नहीं लगानी पड़ी अन्यथा उन्हें पहले गांव से चंबा पहुंचना था। उसके बाद ओपीडी के बाहर कई घंटे इंतजार करना था लेकिन ई-संजीवनी पोर्टल के जरिये उन्हें ऑनलाइन प्राथमिक उपचार मिल गया।
प्रोग्राम के नोडल अधिकारी डॉक्टर आदित्य कश्यप ने बताया कि ई-संजीवनी पोर्टल दूरदराज के बीमार लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है। विशेषज्ञों का परामर्श मरीजों को ऑनलाइन पीएचसी में मिल रहा है। आने वाले समय में जिले की हर पीएचसी इस पोर्टल से जुड़ सकती है।