चंबा। मक्की की फसल पर फॉल आर्मी वर्म कीट ने हमला कर दिया है। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। कड़ी मेहनत के बाद खेतों में की गई मक्की की बिजाई के बाद अब फॉल आर्मी कीट के प्रकोप के कारण किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। ग्राम पंचायत सिंग्गी के गांव दवारू के किसान ने भी इस बाबत कृषि विभाग को अवगत करवाया जिसके बाद विभागीय टीम ने उपनिदेशक के नेतृत्व में मौके पर पहुंच कर खेताें में कीटनाशक दवाई का स्प्रे करवाया।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. कुलदीप सिंह धीमान ने बताया कि दो जुलाई को द्वारु निवासी कैलाश चंद ने अपने मक्की के खेतों में फॉल आर्मी वर्म कीट के प्रकोप की शिकायत की जिसके बाद विभाग ने शिकायत के आधार पर विशेषज्ञों की टीम गठित की। टीम में संबंधित कृषि विकास अधिकारियों डॉ. राज सिंह और डॉ. आरती शर्मा के साथ मक्की के खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में कोराजेन नाम की कीटनाशक दवाई का स्प्रे करवाया। बताया कि यह कीट पहले रात के समय मक्की के पत्तों को खाता है और उसके बाद मक्की के पूरे पौधे को समाप्त कर देता है। इस कीट की रोकथाम के लिए किसान पांच मिली लीटर कोराजेन नामक कीटनाशक 15 लीटर पानी में घोल कर स्प्रे करें। यह कीटनाशक कृषि विभाग में अनुदान पर उपलव्ध है। बताया कि इसके अतिरिक्त इस कीट के नियंत्रण के लिए 30 मिलीलीटर क्लोरोपायरीफ़ॉस 20 ईसी रसायन को 15 लीटर पानी में घोल कर या 7 -8 ग्राम इमामेक्टिन बेंजोएट पांच एसजी रसायन को 15 लीटर पानी में घोल कर स्प्रे करें।