बनीखेत (चंबा)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत का वार्षिक शैक्षणिक निरीक्षण संपन्न हो गया। इस मौके पर केंद्रीय विद्यालय संगठन के सहायक आयुक्त दीदार सिंह मौजूद रहे। उनकी अगुवाई में यह निरीक्षण हुआ। निरीक्षण दल के सदस्यों में गिरीश चंद, एसडी लखनपाल, अनिल कुमार, नीलम गुलेरिया, हरजीत राज, राजीव राणा शामिल रहे। दल ने विद्यालय की समग्र शैक्षणिक गुणवत्ता एवं सह शैक्षिक गतिविधियों का व्यापक मूल्यांकन किया। निरीक्षण दल ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक गतिविधियों का दिनभर विस्तृत निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर हरसंभव सकारात्मक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। दल ने स्कूल के स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कला-कक्ष, खेल कक्ष, खेल मैदान सहित संपूर्ण परिसर का निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त दीदार सिंह ने दसवीं व बारहवीं कक्षा के शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम के लिए समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी।