सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की डांड पंचायत के थती धार में मिले संदिग्ध उपकरणीय अवशेषों को पुलिस ने सेना के हवाले कर दिया है। शनिवार को योल कैंट धर्मशाला से सेना की टीम डांड पहुंची। जहां पर सेना ने पुलिस से उपकरणीय अवशेषों को अपने कब्जे में लिया। इन अवशेषों की सेना बारीकी से जांच करेगी। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि यह उपकरणीय अवशेष आखिरकार किसके हैं। कुछ दिन पहले जब भारत और पाकिस्तान के बीच में तनातनी चल रही थी। उस दौरान डांड के स्थानीय बाशिंदों ने रात को धमाकों की आवाजें सुनी थीं लेकिन उन्हें यह लगा कि शायद ये धमाके जम्मू की तरफ हुए हैं। क्योंकि यह इलाका जम्मू के साथ लगता है। शुक्रवार को जब स्थानीय लोग थती धार जा रहे थे तो वहां पर उन्हें उपकरणीय अवशेष दिखाई दिए। इसको लेकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। किहार थाना की टीम ने मौके पर जाकर इन अवशेषों को अपने कब्जे में लिया। साथ ही इसके बारे में प्रशासन व सेना को भी सूचना दी। शनिवार को सेना की टीम इन अवशेषों को अपने साथ धर्मशाला लेकर रवाना हुई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि थती धार में मिले उपकरणीय अवशेषों को जांच के लिए सेना के हवाले किया गया है।