चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले को लेकर लगाए अस्थायी बाजार में अतिक्रमणकारियों पर प्रशासनिक टीम ने शिकंजा कस दिया है। प्रशासनिक टीम ने औचक निरीक्षण कर स्टॉल से बाहर सामान रखने वाले कारोबारियों को सामान जब्त किया।
साथ ही दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि वे सामान फैलाकर न रखें और अपने स्टॉल के भीतर ही रखें। अगर दोबारा ऐसा मामला सामने आता है तो कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार प्रशासनिक टीम ने पहले ऐतिहासिक चंबा चौगान लगे पंडाल का निरीक्षण किया। यहां से अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त किया गया। इसके बाद टीम चौगान नंबर दो में पहुंची। दुकानदारों को उचित दिशा-निर्देश दिए गए। चौगान नंबर चार में भी रेहड़ी और फड़ी मार्केट लगी है। ऐसे में प्रशासन ने धारकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपना सामान भीतर ही रखें। गौरतलब है कि मिंजर मेला अब अधिकारिक तौर पर संपन्न हो गया है। मेले में अब कारोबार का समय है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों से काफी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। बहरहाल, आगामी चार पांच दिनों तक अब चौगान में कारोबार होगा।
उधर, एसडीएम चंबा अरुण शर्मा ने कहा कि दुकानदारों को हिदायत दी गई है। साथ ही कुछ दुकानों में सामान जब्त भी किया गया है। कहा कि कारोबारी अतिक्रमण न करें। अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।