चंबा के घरमानी में गश्त के दौरान वन मंडल चंबा के वन खंड अधिकारी।संवाद
चंबा। जिले के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी होने के बाद वन विभाग ने जंगलों में अवैध शिकार को लेकर निगरानी बढ़ा दी है।
ऊपरी इलाकों में बर्फ पड़ने से खाने की तलाश में वन्य जीव निचले क्षेत्रों का रुख करते हैं। बर्फबारी के बाद वन विभाग ने सभी कर्मचारियों को जंगलों में गश्त बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। जंगलों के आसपास हथियार लेकर जाने वाले लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वन रक्षक बर्फ से प्रभावित इलाकों में गश्त कर वन्य जीवों और पेड़ों की रखवाली कर रहे हैं। सर्दी के मौसम में शिकार के साथ अवैध कटान की संभावना भी बढ़ जाती है।
वन मंडल चंबा और चुराह सहित भरमौर और पांगी में सर्दी के मौसम में वन्य जीवों के अवैध शिकार की संभावना अधिक रहती है। इसलिए विभाग ने ऐसी सभी वन बीटों में तैनात वन रक्षकों को सचेत कर दिया है, जहां वन्य जीवों का शिकार होने का खतरा रहता है। वन रक्षक विभागीय निर्देशों के चलते अपनी बीटों में नियमित रूप से गश्त कर रहे हैं। बर्फ में पैदल चलकर जंगलों की रखवाली कर रहे हैं। इतना ही नहीं, वन विभाग की तरफ से रेंज व ब्लॉक स्तर पर टीमों का गठन भी किया गया है।
वन मंडल चंबा में अवैध शिकारियों और वन काटुओं पर नजर रखने के लिए और तुरंत कार्रवाई करने के लिए कर्मचारियों को वॉकी टॉकी दिए गए हैं, जिससे कर्मचारी जंगल के आसपास शिकारी और वन काटुओं की सूचना अधिकारी को दे सकें।
वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार गुलेरिया ने बताया कि जंगलों में वन्य जीवों का शिकार रोकने के लिए सभी वन रक्षकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वन रक्षक अपनी बीटों में नियमित गश्त कर रहे हैं। इसके अलावा पेट्रोलिंग टीमें भी जंगलों की निगरानी कर रही हैं।