बनीखेत (चंबा)। सुकड़ाई बाईं के शिवमंदिर मोड़ पर बिजली का एक खंभा सड़क की ओर झुक गया है। इससे क्षेत्र में कभी भी किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह खंभा काफी समय से इसी स्थिति में है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि कोई बड़ी गाड़ी इस झुके हुए खंभे की चपेट में आ जाती है तो बिजली लाइन टूटने के साथ बड़ा हादसा हो सकता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों की जान को खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों सुनील, मोहन, मनोज, सोनू, निर्मल, हंसराज और विनोद सहित अन्य लोगों ने बिजली बोर्ड से इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि संभावित खतरे को देखते हुए जल्द खंभे को सीधा कर सुरक्षित किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो कोई भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता इंदरजीत वर्मा ने बताया कि बोर्ड जल्द समस्या का समाधान करेगा।