खरल पंचायत में शपथ समारोह के दौरान वार्ड सदस्य ने उठाया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला जलाई में आज तक बिजली की रोशनी नहीं पहुंची है। यह मामला शनिवार को पंचायत सदस्यों की शपथ समारोह के दौरान उठा।
वार्ड सदस्य दर्शना देवी ने बताया कि स्कूल में बिजली कनेक्शन के लिए वे कई बार मांग कर चुके हैं मगर अभी तक कोई प्रयास नहीं हुए हैं। लिहाजा, बारिश और सर्दी के दिनों के बिना बिजली के विद्यार्थियों को बैठना पड़ रहा है। शपथ समारोह के दौरान उप प्रधान विनीत कुमार, वार्ड सदस्य दर्शना देवी, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष सुषमा मौजूद रहे। पंचायत प्रधान देस राज ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में आया है। इस बारे में बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता को बताया है। उम्मीद है कि जल्द उचित पहल होगी। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सलूणी टेकचंद ने बताया कि बोर्ड को इस बारे में प्रस्ताव दिया है मगर बोर्ड ने ढाई लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया है। विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया है। संवाद