चंबा। विद्युत उपमंडल चंबा-दो के दायरे में आने वाले 806 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन कट सकते हैं। इन उपभोक्ताओं ने अपना लंबित बिल जमा नहीं करवाया है। इसके चलते बोर्ड ने उपभोक्ताओं को डिफॉल्टर घोषित करते हुए 14 मई तक लंबित बिल जमा करवाने के आदेश दिए हैं। ऐसा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बोर्ड अस्थायी तौर पर काट देगा।
इसके बाद जो भी परेशानी उपभोक्ताओं को होगी उसकी जिम्मेदारी स्वयं उपभोक्ताओं की रहेगी। बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से बिल के रूप में 14.51 लाख रुपये वसूलने हैं। बिल जमा करवाने में आनाकानी करने वाले उपभोक्ताओं के बोर्ड ने अब अस्थायी तौर पर कनेक्शन काटने का फैसला लिया है। इसके बाद भी जो उपभोक्ता लंबित बिल जमा नहीं करवाएगा उसके कनेक्शन स्थायी तौर पर काटे जा सकते हैं। इसकी पुष्टि बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने की है।