चंबा। समय पर बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं पर बिजली बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। विद्युत उपमंडल चंबा द्वितीय के तहत चनेड़, सरोल, मरेड़ी, साहो और खज्जियार सेक्शन के 522 उपभोक्ताओं को बोर्ड ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस जारी होने के बाद अब उन्हें 15 दिन के भीतर बिजली बिल जमा करवाना होगा। यदि इस अवधि में उपभोक्ता बिल का भुगतान नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ बोर्ड की ओर से एकतरफा कार्रवाई करते हुए अस्थायी तौर पर उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के उपभोक्ताओं के पास बोर्ड की 9,43,948 रुपये की राशि बिजली बिल के रूप में फंसी हुई है।
हालांकि बोर्ड ने कई बार उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाने संबंधित हिदायतें दीं लेकिन अभी तक उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। बहरहाल अब बोर्ड उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। अस्थायी तौर पर कनेक्शन कटने के बाद उसे सुचारु करवाने के लिए उपभोक्ताओं से ढाई सौ रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा। उसके बाद भी अगर बिल जमा नहीं करवाया जाता है तो उनका कनेक्शन स्थायी तौर पर काट दिया जाएगा। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने खबर की पुष्टि की है।