इलाज के लिए बुजुर्गों को नहीं खाने पड़ेंगे धक्के, व्हील चेयर पर डॉक्टर तक पहुंचाएंगे स्वयंसेवी
चंबा मेडिकल कॉलेज में की जाएगी व्यवस्था, ओपीडी से लेकर लैब तक लेकर जाएंगे संस्था के सदस्य
प्रबंधन ने स्ट्रेचर और व्हील चेयर के लिए विशेष स्टोर का किया प्रबंध, पहले इधर-उधर पड़ी रहती थीं स्ट्रेचर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में बुजुर्ग मरीजों को अब उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इनकी स्वास्थ्य जांच से लेकर ओपीडी से लेकर टेस्ट करवाने के लिए लैब तक भी व्हील चेयर या स्ट्रेचर पर ले जाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज आने वाले बुजुर्ग मरीजों को स्वयंसेवी व्हील चेयर पर डॉक्टर तक पहुंचाएंगे। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक की अपील पर निजी संस्थाओं के सदस्य यह व्यवस्था करेंगे। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन स्वास्थ्य जांच के लिए आने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए यह योजना तैयार कर रहा है। इसके लिए जिले की निजी संस्थाओं से सहयोग की अपील भी की गई है। अस्पताल में पेशेंट केयर कर्मचारी पहले ही ऐसे मरीजों की सुविधा के लिए तैनात रहेंगे। चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों के लिए व्हील चेयर और स्ट्रेचर की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए आपातकालीन कक्ष के बाहर स्टोर की व्यवस्था की गई है, जिससे व्हील चेयर और स्ट्रेचर के लिए भी न भटकना पड़े। संस्था के सदस्य मेडिकल कॉलेज में मौजूद रहकर पैदल चलने में असमर्थ मरीजों मरीजों को ओपीडी तक व्हील चेयर पर ले जाएंगे।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बिपन ठाकुर ने बताया कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। इनकी मदद के लिए निजी संस्थाओं से सहयोग लेने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था इसलिए की जा रही है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को ओपीडी या प्रयोगशाला तक पहुंचने में दिक्कत न हो। कहा कि आपातकालीन कक्ष के बाहर अब मरीजों को खुले में पड़े व्हील चेयर और स्ट्रेचर परेशान नहीं करेंगे। व्हील चेयर और स्ट्रेचर को व्यवस्थित तरीके से रखने के लिए एक स्टोर की विशेष व्यवस्था की गई है। यहां से मरीज जरूरत पड़ने पर इन उपकरणों को लेकर जा सकते हैं। इससे पहले व्हील चेयर और स्ट्रेचर खुले में पड़े रहते थे। इस वजह से मरीजों और तीमारदारों को आवाजाही करने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब इस अव्यवस्था को खत्म कर दिया गया है।