चंबा। जिले में सहारा योजना अब दम तोड़ने लगी है। जिले में गंभीर बीमारी से पीड़ित या दिव्यांगों को पांच माह से सहारा योजना का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। 900 लोग ऐसे हैं जो सहारा योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि से अपनी बीमारी का इलाज या घर का खर्च चला रहे थे। पिछले पांच माह से इन लोगों के खातों में सरकार ने सहायता राशि नहीं डाली है। इसको लेकर इन लोगों में रोष है।
उन्हें अपना जीवन यापन करने में काफी परेशानी हो रही है। शारीरिक तौर पर कमजोर होने के कारण जो लोग मेहनत मजदूरी नहीं कर पाते, उन लोगों को सरकार ने राहत पहुंचाने के लिए सहारा योजना के तहत लाभ दिया था। जब तक दिव्यांगों को सहारा योजना का लाभ मिल रहा था तब तक उनके परिवार का पालन-पोषण सही से चल रहा था लेकिन पांच माह से सहारा योजना के तहत सहायता राशि न मिलने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई परिवार ऐसे हैं जो ऐसे सदस्यों का इलाज नहीं करवा सकते। उनके लिए सहारा योजना किसी वरदान से कम नहीं थी लेकिन सरकार की ओर से बजट न मिलने के कारण अब इन लोगों को जीवन यापन करने में काफी परेशानी हो रही है।
सहारा योजना को लेकर सरकार की तरफ से बजट का प्रावधान नहीं किया गया है। इसकी वजह से लाभार्थियों को इसका भुगतान नहीं हुआ है। बजट का प्रावधान होते ही लाभार्थियों के खाते में सहारा योजना के तहत धनराशि जमा हो जाएगी। डॉ. जालम भारद्वाज, जिला स्वास्थ्य अधिकारी।