ग्राम पंचायत दरेकडी के चौगा गांव के ग्रामीण ब्लॉक अधीक्षक संजीव कुमार सलूणी को ज्ञापन सौंपते हु
सलूणी (चंबा) ग्राम पंचायत दरेकड़ी के चौगा गांव भूस्खलन से लोगों के घरों पर खतरा मंडरा रहा है। इसको लेकर ग्रामीणों ने ब्लॉक अधीक्षक सलूणी संजीव कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि लचोड़ी से तेलका सड़क के चौड़ीकरण के दौरान हुए भारी भूस्खलन ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। ढाढू और चौगा के पास भूस्खलन और जमीन धंसने से करीब 800 मीटर तक सड़क पूरी तरह से बह गई है। इस आपदा के कारण न केवल आवागमन बाधित हुआ है, बल्कि चौगा गांव के मकानों की दीवारें गिर गई हैं और अब गांववासियों की जान और माल पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। पंचायत प्रधान आशा देवी, नरेश कुमार, महिंद्र कुमारा, पूजा, बिमला, निखिल और श्वेता ने बताया कि भूस्खलन के बाद बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों के लिए हालात और भी कठिन हो गए हैं। इस आपदा का असर केवल सड़क तक सीमित नहीं रहा। कुछ घरों की दीवारें भी गिर चुकी हैं। इससे लोग मानसिक तनाव और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने मांग की है कि इस आपात स्थिति को गंभीरता से लेते हुए रिटेनिंग वॉल और क्रेट वर्क से सड़क और गांव को बचाया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी आपदाओं से सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।