गेहरना-सैला-मथला मार्ग पर चालकों को नहीं खाने पड़ेगे हिचकोले
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया विभाग, तारकोल बिछाने का कार्य आरंभ
तीन किलोमीटर सड़क पर तारकोल बिछाने के लिए खर्च होगी पांच लाख की राशि : हर्ष पुरी
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। गेहरना-सैला-मथला मार्ग पर अब वाहन चालकों सहित राहगीरों को हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे। लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को तीन किलोमीटर सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य आरंभ कर दिया है। इसके लिए पांच लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे लोगों सहित वाहन चालकों का सफर सुगम बनेगा। इससे लोगों में खुशी की लहर है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने हरकत में आकर तारकोल बिछाने का काम शुरू कर दिया है।
वाहन चालकों में अनिल राणा, पंकज, बबलू, तरवीर सिंह, भोला, अनूप कुमार और बंटू का कहना है कि पांच सालों से इस मार्ग की हालत खस्ता थी। इसकी सुध लेने को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग को अवगत किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। कहा कि गेहरना में सड़क नाला ही बन चुकी है। साथ ही कडणू, तलाटा ,लग्गा, सैला में गड्ढों की भरमार थी। यहां कई बार स्कूली बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं। अब लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग पर तारकोल बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है। कुछ किलोमीटर तक तारकोल बिछा दिया गया है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हर्ष पुरी ने कहा कि तीन किलोमीटर सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य आरंभ कर दिया है। इसके लिए पांच लाख की राशि खर्च की जाएगी।