चंबा के धरवाला बाजार में कूड़े से अटी पड़ी निकासी नाली। स्त्रोत जागरूक पाठक
धरवाला (चंबा)। धरवाला बाजार में भरमौर-पठानकोट हाईवे के किनारे बनाई गईं नालियां कूड़ा-कर्कट से लबालब भर गई हैं। काफी समय से इनकी सफाई नहीं हो पाई है।
लोगों का कहना है कि समय रहते इन नालियों को साफ न किया गया तो क्षेत्र में महामारी फैल सकती है। कहा कि भरमौर-पठानकोट हाईवे के निर्माण कार्य के दौरान प्रबंधन ने नालियों का निर्माण करवाकर इसकी मरम्मत करने का जिम्मा लेने की बात कही थी। वर्तमान में हाईवे प्रबंधन कूड़े-कर्कट से लबालब भरी नालियों की साफ-सफाई को लेकर ध्यान नहीं दे रहा है।
परिचर्चा
धरवाला बाजार में नालियां कूड़े-कर्कट से लबालब भरी हैं। इस वजह से बाजार में बदबू फैली हुई है। लोगों को मुंह ढककर ही धूप सेंकनी पड़ रही है। - सोनू राजपूत
हाईवे की नालियों की निरंतर साफ-सफाई कई माह से नहीं हो पा रही है। सफाई न होने से गंदगी का आलम है। प्रशासन के स्वच्छता को लेकर छेड़े अभियान की पोल खुल रही है। - रविंद्र राजपूत
हाईवे प्रबंधन को पहले भी नालियों की सफाई को लेकर अवगत करवाया है। हर बार लोगों को आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला है। यही हाल रहा तो महामारी फैल सकती है। - मनोज मस्ताना
हाईवे प्रबंधन ने नालियों की सफाई को लेकर उचित प्रबंध नहीं किए हैं। पहले समयानुसार साफ-सफाई को लेकर बात कही थी, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस है। - मुकेश शर्मा
हाईवे प्रबंधन के अधिशासी अभियंता मीत कुमार शर्मा ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। जल्द ठेकेदार को निर्देश जारी कर नालियों की साफ-सफाई करवा कर चकाचक करवा दिया जाएगा।