चंबा। जिले में हुई बारिश ने नगर परिषद चंबा की पोल उस समय खोलकर रख दी, जब कसाकड़ा वार्ड में पानी की निकासी नाली का सारा पानी सड़क पर बहने लगा। राहगीरों को पैदल चलना मुश्किल हो गया। यहां पेवर डालने से लेकर नाली निकासी बनाने में कुछ माह पहले ही कार्य करवाया गया है। ऐसे में लोग इस बात पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं कि आखिरकार नगर परिषद विकास कार्यों में लीपापोती तो नहीं कर रही। सड़क के किनारे नाली इसलिए बनाई जाती है, ताकि बारिश के दौरान पानी सड़क पर न बहे, लेकिन कसाकड़ा वार्ड इसकी तस्वीर उलट है। स्थानीय निवासी सतीश कुमार, चैन लाल, हंसराज, प्रीतम, जितेंद्र, मनोज कुमार और योगराज ने बताया कि बारिश होने पर अकसर यहां सड़क पर पानी बहने लगता है। नगर परिषद को समय रहते इस दिशा में उचित कदम उठाने की आवश्यकता है। उधर, नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि जल्द ही नाली को दुरुस्त करवाया जाएगा।