चंबा। मणिमहेश ट्रस्ट डोडा जम्मू-कश्मीर के पदाधिकारियों ने पंजीकरण शुल्क का विरोध किया है। उन्होंने उपायुक्त से इसे हटाने की मांग की है। अध्यक्ष जगदीश चंद्र देसवाल ने कहा कि यह यात्रा सदियों से चली आ रही है। पहले किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता था। इस बार यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए बीस रुपये पंजीकरण शुल्क रखा गया है। उन्होंने शुल्क का कड़ा विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रशासन अपनी मनमर्जी कर रहा है। यात्रा के दौरान जिस प्रकार की सुविधाएं श्रद्धालुओं की दी जानी चाहिए, उस तरह की सुविधाएं देने में प्रशासन पूरी तरह नाकाम रहा है। उन्होंने कहा कि चौरासी मंदिर परिसर के अंदर चमड़े की वस्तुएं बेचने को लेकर रोक लगनी चाहिए। कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार भेड़-बकरियों की बली प्रथा पर रोक लगाई गई है, लेकिन डलझील के पास बलि दी जा रही है। उन्होंने उपायुक्त से यह भी मांग की है कि चौरासी मंदिर के ऊपर से हेली टैक्सी का रूट बदला जाए। उन्होंने चौरासी परिसर से लेकर डलझील तक शराब की बिक्री पर रोक लगाने का आग्रह किया है। इस मौके पर सुधीर नंद, राकेश कुमार, प्रशांत महाजन, निखिल कुंद्रा, विनोद शर्मा मौजूद रहे।
-