चंबा। राष्ट्रीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ब्रेही में हिमाचल सरकार के कार्यक्रम अपना विद्यालय के अंतर्गत विद्यालय को गोद लेने वाले कैप्टन जैसी राम ने विद्यालय में शिरकत की। उन्होंने विद्यालय के विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संबंध में अध्यापकों, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ विचार विमर्श किया। वहीं स्कूल में बढ़ते नामांकन को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में हरसंभव कोशिश करने की बात कही। उन्होंने सभी बच्चों और स्टाफ सदस्यों को लड्डू भी बांटे। इस मौके पर उनके साथ आए एसबीआई लाइफ के डिवीजनल मैनेजर मनीष नाग ने स्कूल को 42 इंच की एलईडी भी दी। स्कूल प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने इस सामुदायिक सहयोग के लिए मैनेजर मनीष नाग सहित कैप्टन जैसी राम का आभार व्यक्त किया।