चंबा के भरमौर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को आपदा प्रबंधन की जानकारी देते कलाकार। संवाद
भरमौर (चंबा)। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में समर्थ-2024 के तहत भरमौर में नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम हुआ। सांस्कृतिक दल आर्ट एंड कल्चर ग्रुप सराहन के कलाकारों ने भरमौर के नए और पुराना बस स्टैंड में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक से लोगों को सेफ कंस्ट्रक्शन प्रैक्टिस के बारे में जागरूक किया।
कलाकारों ने लोगों को भवन के निर्माण कार्य को आर्किटेक्चर की सलाह के अनुसार भूकंपरोधी बनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में विधायक भरमौर डॉ. जनक राज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि आपदा एक आकस्मिक दुर्घटना है। इससे मानव, संपत्ति और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने बताया कि भूकंप, बाढ़ और सूखा प्राकृतिक आपदाएं हैं। आपदा का पूर्वानुमान तो नहीं लगाया जा सकता, लेकिन बेहतर आपदा प्रबंधन और आपदा के जोखिम को कम करने के उपायों के बारे में जागरूकता से आपदा के समय होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक से लोगों को बताया कि प्राकृतिक आपदाएं भारी वर्षा, भूकंप या बाढ़ से जमीन धंसने के समय लोगों को संयम रखकर एक दूसरे की मदद करनी चाहिए। भगदड़ नहीं मचानी चाहिए। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य विक्रम, ग्राम पंचायत सचुंई प्रधान संजीव ठाकुर सहित काफी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।