चंबा-साहो मार्ग पर फुलनु टाला के पास कीचड़ में धंसा टिप्पर।संवाद
साहो (चंबा)। चंबा-साहो मार्ग पर पेयजल लाइनें बिछाने के चक्कर में की गई खोदाई अब लोगों की मुसीबतें बढ़ाने लगी है।
शनिवार को मार्ग पर फुलनू टाला के समीप मिट्टी में टिपर का टायर धंस गया। गनीमत रही कि टिपर दूसरी ओर नहीं गिरा, अन्यथा साथ लगती दुकान को भी नुकसान हो सकता था। उक्त मार्ग पर सुबह 8:15 बजे से साढ़े आठ बजे तक मार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। इससे नौकरीपेशा लोगों समेत विद्यार्थी वर्ग समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाए। लिहाजा, अब स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से प्राथमिकता के आधार पर पेयजल लाइनें बिछाने के बाद मार्ग को समतल करने की मांग उठाई है।
विनोद कुमार, विवेक कुमार, विजय कुमार, किरण कुमार, ईश्वरी प्रसाद, लोकेंद्र कुमार, मनोहर लाल, रविंद्र कुमार, राजीव कुमार, नरेश कुमार ने बताया कि पेयजल स्कीम के तहत शहर, सरोल और जोत के लिए तीन पेयजल लाइनों को सड़क के दोनों छोरों पर बिछाने का कार्य किया जा रहा है। एक तरफ पेयजल लाइन बिछाने के उपरांत अब उसे समतल तक नहीं किया जा सका है। दूसरी ओर, सड़क की खोदाई होने से अब सड़क काफी संकीर्ण हो चुकी है। सड़क के संकीर्ण होने की सूरत में यहां से होकर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि चंबा-साहो मार्ग पर फुलनू टाला के समीप आए दिन वाहनों का जाम लग रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारी से समस्या का समाधान करवाने की मांग उठाई है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। ठेकेदार को निर्देश जारी कर सड़क को समतल करवा दिया जाएगा।