देवीदेहरा ने द्रम्मण सीनियर की टीम को 72 रन से हराया
चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में चल रही समर क्रिकेट प्रतियोगिता में देवीदेहरा की टीम ने द्रम्मण सीनियर को 72 रन से शिकस्त दी। यह जानकारी प्रतियोगिता आयोजन सचिव सुशील कुमार ने दी। बताया कि मैच में देवीदेहरा की टीम ने टॉस जीता और निर्धारित बीस ओवर में 142 रन बनाए। अतुल ने शानदार अर्धशतक लगाया। द्रम्मण सीनियर की ओर से अनूप, अभय और मनोज ने दो-दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी द्रम्मण सीनियर की टीम 70 रन ही बना सकी। इसमें विनोद ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। देवीदेहरा से अजय ने पांच विकेट चटकाए। इस जीत के साथ देवीदेहरा की टीम ने प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया। संवाद