चुवाड़ी (चंबा)। नगर पंचायत चुवाड़ी में पार्क के सौंदर्यीकरण का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए 10 लाख की धनराशि व्यय की जाएगी। यह बात विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत नगर पंचायत चुवाड़ी में विभिन्न विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में नगर पंचायत चुवाड़ी के विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर लगभग 2 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों के अलावा पार्किंग सुविधा, पार्कों का सौंदर्यीकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
चुवाड़ी में लंबित चल रहे विभिन्न कार्यों को गति देने और उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को लेकर नगर पंचायत के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि चुवाड़ी में पार्किंग सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्रयास किया जा रहे हैं। बताया कि सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उचित कदम उठा रही है। चुवाड़ी में स्थित मुख्य द्वार को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में लोगों की मांगों और आवश्यकता के अनुरूप भविष्य में और भी कई कार्य किए जाने प्रस्तावित हैं। उन्होंने अधिकारियों निर्देश दिए कि आम जनमानस की सुविधा के अनुसार कार्य करना सुनिश्चित बनाएं।