तेलका (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल तेलका में स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता एसएमसी अध्यक्ष राजिंद्र शर्मा ने की। इस मौके पर स्कूल की विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श कर प्रस्ताव पारित किए गए। स्कूल में छठी से जमा दो कक्षा तक कुल 450 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं जिनके लिए सात प्रमुख विषयों के अध्यापकों के पद रिक्त हैं।
इनमें अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, हिंदी, बायोलाॅजी और फिजिक्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद खाली होने के कारण पढ़ाई बाधित हो रही है। इसके अलावा 450 विद्यार्थी होने के बावजूद विभाग ने अध्यापकों की प्रतिनियुक्ति दस किलोमीटर दूर माध्यमिक पाठशाला भैड़ोई में कर दी है। इससे तेलका स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। एसएमसी सदस्यों का कहना है कि विभाग ने दस किलोमीटर दूर उनकी प्रतिनियुक्ति कर दी है जबकि उनके दो किलोमीटर की दूरी पर उच्च विद्यालय झौड़ा से अध्यापकों की प्रतिनियुक्ति की जानी चाहिए चूंकि वहां पर विद्यार्थियों की संख्या कम है। इस कारण तेलका स्कूल के अध्यापकों की प्रतिनियुक्ति तुरंत रद्द कर देनी चाहिए। इसके अलावा पिछले छह सालों से तेलका स्कूल के भवन का कार्य लटका हुआ है जो अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इसके लिए भी प्रस्ताव पारित किया गया। एसएमसी अध्यक्ष रजिंदर शर्मा ने बताया कि प्रस्ताव जल्द उच्चाधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। इस मौके पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य अशोक शर्मा, एसएससी सचिव कमलेश कुमार, रमेश कुमार और एसएमसी सदस्य प्रकाश चंद, रमेश कुमार, कृष्ण कुमार, विशाल कुमार, प्रवीन कुमार, अशोक कुमार, रविंद्र कुमार, विजय कुमार, पवन कुमार, सुरेंदर कुमार, भुवनेश कुमार और संजय दत्त उपस्थित रहे ।