चंबा। जिले के अल्ट्रासाउंड सेंटरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम दबिश देगी। भ्रूण हत्या के मामले सामने आने और गर्भ गिराने संबंधी शिकायतें स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंचने के बाद अब यह निर्णय लिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी कमेटी चेयरमैन मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सदस्यों में पंचायत प्रधान, सहायक जिला न्यायवादी, एमओएच की अगुवाई में दबिश देगी। इस दौरान कोई अल्ट्रासाउंड संचालक ऐसा कार्य करता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उसका केंद्र सील होने के साथ अल्ट्रासाउंड चिकित्सक को जेल भी हो सकती है। उधर, चुवाड़ी या तीसा अस्पताल में आने वाले समय में अल्ट्रासाउंड की सुविधा लोगों को मिल सकती है। पीएनडीटी कमेटी जल्द दोनों अस्पतालों का जायजा लेगी। इसके बाद कमेटी अल्ट्रासाउंड शुरू करने को लेकर रिपोर्ट देगी।
सिविल अस्पताल चुवाड़ी में अल्ट्रासाउंड न होने से गर्भवती महिलाओं और पेटदर्द से पीड़ित मरीजों को टांडा या पठानकोट जाना पड़ता है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन होने के बावजूद रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त है। चुराह विधानसभा क्षेत्र की 55 पंचायतें अल्ट्रासाउंड सुविधा से महरूम हैं। लाखों की अल्ट्रासाउंड मशीन अरसे से धूल फांक रही है। ऐसे में अब पीएनडीटी कमेटी की रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य निदेशालय अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने पर अंतिम निर्णय लेगा।
सीएमओ डॉ. बिपन ठाकुर ने बताया कि आने वाले समय में स्वास्थ्य विभाग की टीम जिले के समस्त अल्ट्रासाउंड सेंटरों में दबिश देकर व्यवस्था का जायजा लेगी। वहां नियमों के विरुद्ध कोई कार्य होता पाया गया तो सेंटर सील करने के अलावा संबंधित चिकित्सक को जेल तक हो सकती है। बुधवार को पीएनडीटी कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।