सिहुंता (चंबा)। भटियात के छतराड़ नाग, छौ माता और नडाल महादेव जैसे धार्मिक क्षेत्र किसी जन्नत से कम नहीं हैं। ग्राम पंचायत सुरपड़ा की प्रधान उर्मला देवी समेत स्थानीय ग्रामीणों पवन कुमार, वीरवाहन सिंह, राजपाल, सतीश कुमार, कुलवीर सिंह, ज्योतिका मेहरा आदि ने बताया कि सरकार यहां तक पक्की सड़कों का निर्माण करवाए। ये मनोरम स्थल अगर सड़क सुविधा से जुड़ जाएं तो पर्यटक यहां आसानी से पहुंच सकेंगे। वहीं सड़क बनने से यहां पैराग्लाडिंग की शुरुआत भी हो सकती है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। ये तीनों जगह पहाड़ियों पर स्थित हैं। यहां सैकड़ों लोग मंदिरों में दर्शन के लिए भी आते हैं। जो भी पर्यटक यहां घूमने आता है, वह यही कहता है कि यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां दूर-दूर से पर्यटक ट्रैकिंग के लिए भी पहुंचते हैं और रात के समय पहाड़ियों पर टेंट लगाकर कैंपिंग का रोमांच भी लेते हैं।