चंबा। विधानसभा क्षेत्र भरमौर के केंद्र बिंदु धरवाला बाजार के निचले हिस्से में कंक्रीट की दीवार बनाने की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन के समक्ष रखी है। इस संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मुकेश रेपसवाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में अजय कुमार, कृष्णा देव, धीरज ठाकुर, साहब सिंह, कमल ठाकुर, सूरज, सरीता और मनीष शर्मा शामिल थे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में करीब 150 परिवार और लगभग 600 की आबादी रहती है। इसके अलावा यहां सरकारी कार्यालय भी स्थित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रावी नदी के किनारे बसे इस क्षेत्र को इस बार भारी बारिश के दौरान खासा नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि सुरक्षा और स्थायी समाधान के लिए जल्द से जल्द कंक्रीट की दीवार का निर्माण किया जाए।