चुराह (चंबा)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बैरागढ़ के छात्र दीपक ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने चंबा में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने उन्हें स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य एवं समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे। उन्होंने दीपक को स्मृति चिह्न भेंट कर बधाई दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि दीपक की इस उपलब्धि से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।