चंबा में सरोल के पास निकासी नाली में अटा गंदा पानी।संवाद
चंबा। शहर के साथ लगते सरोल बाजार में पानी की निकासी नाली स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। अधिक गहरी नाली होने से पानी का निकास नहीं हो रहा है और पानी जमा हो रहा है। साथ ही इसमें गिरकर लोग घायल हो रहे हैं। स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार, प्रवेश कुमार, कपिल सिंह, अमित कुमार, राज कुमार, शक्ति सिंह और वीरेंद्र कुमार का कहना है कि करीब दो साल पहले विभाग की ओर से नालियों का निर्माण किया गया है। मगर कई जगह पर नाली काफी गहरी बनी है। इसके चलते पानी का निकास नहीं हो रहा है। इससे बीमारियों फैलने का भी खतरा है। विभाग ने लाखों की राशि खर्च की, मगर अब तक कोई लाभ लोगों को नहीं हुआ है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस नाली को दुरुस्त किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न पेश आए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि मामला ध्यान में है। जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे।