सिहुंता (चंबा)। उपमंडल भटियात की ग्राम पंचायत टुंडी के बाग गांव में नाले में बहने से आठ वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा रविवार दोपहर को हुआ। मृतक किशोर की पहचान नक्ष जरयाल पुत्र कुलदीप सिंह निवासी बाग के रूप में हुई। घटना के बाद प्रशासन ने 25 हजार रुपये की फौरी राहत मृतक के परिजनों को सौंपी है।
जानकारी के अनुसार नक्ष जरयाल रविवार को बारिश के बीच गोशाला में पशुओं को देखने गया था। वापिस आते वक्त उसका पांव फिसला और नाली में जा गिरा। बारिश के बाद नाले में जलस्तर बढ़ा हुआ थी, जिसके कारण वह उसमें बह गया। ग्रामीणों ने नक्ष को नाले में गिरता देखा तो तुरंत बचाव के लिए दौड़े। बाड़ी नाले में ग्रामीणों ने जब नक्ष को निकाला तो उसकी मौत हो चुकी थी।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सिहुंता की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों के बयान दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। ग्राम पंचायत टुंडी के प्रधान पवन कुमार ने बताया कि नाले में बहने से आठ वर्षीय किशोर की मौत हुई है। पंचायत पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता करेगी। उधर, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है। साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है।