पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी के गुफा गांव में घर में आराम कर रहे कृषि विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान हरी सिंह निवासी गुफा के रूप में हुई है, जो कृषि विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात था। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम को वह अपने घर में आराम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह कमरे में बेहोश हो गया। परिजन उसे बेहोश हालत में उपचार के लिए किलाड़ अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखा लेकिन कोरोना महामारी के चलते शव के पोस्टमार्टम पर रोक लगाई गई है। इसके चलते डॉक्टर ने जांच के लिए शव से खून के नमूने लिए, जिससे इस बात का पता लगाया जा सके कि व्यक्ति की मौत किसी जहरीले पदार्थ की वजह से तो नहीं हुई है। फिलहाल, परिजनों की ओर से किसी तरह की कोई आपत्ति दायर नहीं की गई है। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मोहेंद्र ने बताया कि बेसुध हालत में एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था। व्यक्ति अस्पताल पहुंचने से पहले ही मर चुका था। इसलिए इसकी सूचना पुलिस को भी देे दी गई। एसएचओ पांगी सुरेंद्र ने बताया कि गांव में एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए खून के सैंपल लिए गए हैं। पुलिस ने आईपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है।