चंबा के पुलिस मैदान बारगाह में इंडोर स्टेडियम की जगह का निरीक्षण करती प्रशासन की टीम।संवाद क
चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में निर्मित होने वाले इंडोर स्टेडियम को लेकर जिला प्रशासन ने कदमताल शुरू कर दी है। शुक्रवार को उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने निर्माण स्थल पर विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता के बारे में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उप मंडल अधिकारी (नागरिक), राजस्व विभाग और जिला खेल अधिकारी को निर्देश दिए कि इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए जो अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है, उसका चयन कर पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा किया जाए।
जिला मुख्यालय के पुलिस मैदान बारगाह के साथ इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। स्टेडियम में बैडमिंटन, कबड्डी, योग, बॉक्सिंग और कुश्ती के अलावा स्विमिंग पूल की भी व्यवस्था होगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार, अधिशासी अभियंता (कार्यवाहक) लोक निर्माण दिनेश कुमार, नायब तहसीलदार बलदेव राज सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।