अमर उजाला में प्रकाशित खबर।संवाद
तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल के सुईला प्राइमरी स्कूल में जल्द बिजली का मीटर लग सकता है। 25 वर्षों से बिजली का मीटर न लगने के मामले में उपायुक्त ने शिक्षा विभाग और बिजली बोर्ड प्रबंधन से जवाब मांगा है।
मामले में उपायुक्त की तल्खी के बाद शिक्षा विभाग और बोर्ड प्रबंधन रिपोर्ट बनाने में जुट गए हैं। स्कूल में बिजली मीटर न लगने का मामला अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था।
साल 1999 में खुली सुईला प्राथमिक पाठशाला में विद्युत बोर्ड प्रबंधन बिजली का कनेक्शन नहीं दे पाया है। बिजली आपूर्ति न होने के कारण सर्दियों में 26 विद्यार्थी कड़ाके की ठंड में ही पढ़ाई करने पर मजबूर हैं। मुख्य लाइन से विद्यालय की दूरी 800 से एक हजार मीटर है। बारिश के दिनों में धुंध छाने से कमरों में अंधेरा हो जाता है। स्कूल प्रबंधन समिति और अभिभावकों ने कहा कि कई बार बिजली कनेक्शन लगवाने के लिए फाइल तैयार करवा कर विद्युत बोर्ड के कार्यालय में जमा करवाई गई, लेकिन बिजली कनेक्शन नहीं लग पाया। अभिभावकों ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री संकल्प सेवा हेल्पलाइन पर भी की, लेकिन फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। अब मामला ध्यान में आते ही उपायुक्त ने शिक्षा विभाग और विद्युत बोर्ड प्रबंधन से जवाब तलब किया है।
उधर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि मामला ध्यान में आते ही शिक्षा विभाग और विद्युत बोर्ड प्रबंधन से इस बारे में जवाबतलब किया गया है। विद्यालय को जल्द रोशन करने की योजना है।