मंगला (चंबा) भारी बारिश के कारण जमीन धंसने से नालटी गांव खतरे की जद में आ गया है और घराें के पास भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। गांव के साथ-साथ जल शक्ति विभाग के निर्माणाधीन रेस्ट हाउस पर भी संकट में है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग भी भारी बारिश और भूस्खलन के चलते क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे लोगों की आवाजाही में दिक्कत आ रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों और बीमार लोगों को अस्पताल ले जाना चुनौती बन गया है। वहीं, निर्माणाधीन रेस्ट हाउस की नींव में दरारें आ गईं हैं। भवन के आसपास की जमीन धंस रही है, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है और यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो पूरी इमारत को नुकसान हो सकता है।