चंबा। शहर की गलियों में तेज गति से चलाए जा रहे दोपहिया वाहन चालकों से राहगीर परेशान हो गए हैं। लोगों का कहना है कि सुबह-शाम युवा गलियों में सरपट वाहन दौड़ाते रहते हैं। इससे लोगों का गलियों में आवाजाही करना काफी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि शाम के समय बच्चे खेलने के लिए गलियों में निकलते हैं लेकिन, गलियों में सरपट दोपहिया वाहन दौड़ाए जाने से वे अपने बच्चों को अकेला गली में खेलने के लिए नहीं जाने दे पा रहे हैं। इतना ही नहीं, कई बार तो राहगीर भी तेज वाहनों से टकरा चुके हैं लेकिन, ऐसे दोपहिया वाहन चालक अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं। स्थानीय लोगों दीप कुमार, उज्जवल, गौतम, कृष्ण कुमार, योगेश कुमार और रमेश कुमार का कहना है कि रात के समय राइडर इतनी तेजगति से चल रहे हैंं कि इससे कोई भी राहगीर उनकी चपेट में आ सकते हैं। इतना ही नहीं, अधिकतर दोपहिया चलाने वाले नाबालिग हैं जो अपनी सुरक्षा की परवाह न करते हुए बिना हेलमेट के वाहन चलाते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन दोपहिया वाहन चालकों पर शिकंजा कसा जाए।