राजनीति चर्चाओं से गर्म हो गया डलहौजी का ठंडा माहौल
होटलों से लेकर छोटी दुकानों में दिन भर चलता रहा राजनीतिक चर्चाओं का दौर
प्रदेश सरकार को लेकर चल रही चर्चाओं पर दिन भी टिकी रही लोगों की नजरें
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी में भले ही बर्फबारी के कारण मौसम ठंडा चल रहा हो, लेकिन बुधवार को राजनीतिक माहौल के चलते पर्यटन नगरी में सियासी गर्माहट देखने को मिली। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश सरकार में चल रहे घमासान को लेकर आपस में चर्चा और बहस करते नजर आए। स्थानीय लोग भी इस मुद्दे पर चर्चा में पीछे नहीं रहे। एक तरफ डलहौजी के बाजार में लोक निर्माण मंत्री और मुख्यमंत्री के इस्तीफे को लेकर चर्चाओं का माहौल रहा, दूसरी ओर कई लोग इस बात को लेकर भी चर्चा करते नजर आए कि अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिर जाएगी। भाजपा की सरकार दोबारा से सत्ता में आ सकती है। इसको लेकर राजनीति से जुड़े लोगों के साथ आम लोगों में भी दिन भर चर्चा जारी रही। प्रदेश स्तर पर गर्माई सियासत पर नजर रखने के लिए लोगों ने न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया पर ध्यान केंद्रित रखा। सोशल मीडिया में मुख्यमंत्री के इस्तीफे के खबरें तेजी से फैल गईं, जिसे लेकर लोगों में सरकार को लेकर उत्सुकता भी बढ़ गई। दिन भी पर्यटन नगरी के होटलों से लेकर ढाबों और छोटी दुकानों और चौराहों पर राजनीति की चर्चाओं का माहौल रहा।