चंबा के डलहौजी में दलाई लामा के जन्मोत्सव को लेकर कार्यक्रम के दौरान मौजूद मुख्यतिथि ओर अन्य।स
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी में तिब्बती समुदाय ने 14वें दलाई लामा का 91वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया।
तीन दिवसीय समारोह के शुभारंभ पर बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय के लोगों, स्थानीय नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। समारोह में पूर्व शिक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आशा कुमारी मुख्य अतिथि रहीं। नगर परिषद डलहौजी की अध्यक्ष वंदना चड्ढा, उपाध्यक्ष रीना जरयाल, पार्षद तिलक कपूर, पार्षद वंदना, एसडीएम अनिल भारद्वाज, तहसीलदार रमेश चौहान और इंडो-तिब्बतन फ्रेंडशिप सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. (कैप्टन) जी.एस. ढिल्लों, सदस्य सरदार परमजीत सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दलाई लामा के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व शांति की कामना के लिए विशेष प्रार्थना तथा पारंपरिक स्मोक पूजा से हुआ। इसके बाद केक काटा गया। तिब्बती कलाकारों ने पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा में मनमोहक पहाड़ी नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में हिमाचली संस्कृति की झलक पेश की। समाजसेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तिब्बती समुदाय के लोगों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि आशा कुमारी ने कहा कि दलाई लामा शांति, करुणा, अहिंसा और मानवता के जीवंत प्रतीक हैं। उनका जीवन और संदेश पूरी दुनिया को प्रेम, सहिष्णुता एवं भाईचारे का मार्ग दिखाता है। नगर परिषद अध्यक्ष वंदना चड्ढा ने भी दलाई लामा के दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।