चंबा में भटियात के भोटन गांव में कश्ती के सहारे वोटर जागरूकता को लेकर पहुंची स्वीप टीम।संवाद
चुवाड़ी (चंबा)। जम्मू, पंजाब और हिमाचल की सीमा पर स्थित जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतिम गांव भोटन में स्वीप टीम नाव से पहुंची। टीम ने रणजीत सागर डैम पार करने के बाद कई घंटे तक पैदल सफर किया। गांव तक पहुंचना टीम के लिए चुनौती भरा रहा। टीम ने गांव के लोगों को मतदान का महत्व समझाया और वोट जरूर डालने की अपील की। टीम ने लोगों को निमंत्रण पत्र भी वितरित किए।
स्वीप टीम ने मिशन 414 के तहत जागरूकता अभियान को लेकर कमर कस ली है। टीम वहां पहुंच रही है, जिन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशतता कम रहती है। भटियात के एसडीएम और एआरओ पारस अग्रवाल की अगुवाई में नोडल अधिकारी आकाशदीप शर्मा के साथ मिलकर अति दुर्गम क्षेत्र भोटन गांव का दौरा किया। इस गांव में पिछले चुनावों में 43 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार भी गांव के लोग मांगों को लेकर विरोध दर्ज करवा चुके हैं। यह क्षेत्र भटियात का अंतिम गांव है। तीन राज्यों जम्मू, पंजाब और हिमाचल की सीमा पर स्थित है। गांव तक सड़क नहीं पहुंच पाई है।
स्वीप टीम ने लोगों को हस्ताक्षर अभियान और निमंत्रण पत्र भी वितरित किए। युवाओं को जागरूक करने के लिए नारा लेखन और स्टैंप गतिविधि करवाई गई। वरिष्ठ मतदाताओं को एसडीएम ने शाल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी बताईं। कटोरी बंगला से छंबर तक 3 किलोमीटर सड़क पहुंची है। गांव के लोगों की मांग है कि मार्ग बरला तक बनाया जाए। पीने के पानी की समस्या भी कई सालों से है। एसडीएम ने हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
गांव में हैं 194 वोटर, सात नए वोट बनाए
भोटन गांव में 194 मतदाता हैं। क्षेत्र में 2 प्राइमरी स्कूल हैं। एक स्कूल में मात्र एक छात्र तथा दूसरे स्कूल में 3 छात्र शिक्षा ग्रहण करते हैं। उन्होंने स्कूल में छात्रों से बातचीत की। स्कूल के कार्यों का जायजा लिया। गांव के अधिकतर लोग सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी सुविधाएं न होने से पलायन कर चुके हैं। स्वीप टीम ने 7 नए वोट बनाए। इस मौके पर बीएलओ बलविंदर, पंचायत सचिव संजीव, आंगनवाड़ी वर्कर आशा कुमारी, स्वीप टीम से डॉक्टर आकाशदीप, बलवान सिंह उपस्थित रहे।