चंबा। जिला चंबा के 27 किसानों के खेतों में अब लावारिस पशु नुकसान नहीं कर पाएंगे। मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के तहत 27 किसानों के खेतों की फेंसिंग के लिए 80 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
कृषि विभाग ने इन आवेदनों को स्वीकृति दे दी है। कंपनी की ओर से काम भी शुरू कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार इस साल कृषि विभाग को मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के तहत अस्सी लाख रुपये का बजट मिला है। बजट के आधार पर 10,270 किलोमीटर फेंसिंग की जाएगी।
कृषि विभाग के मुताबिक 23 किसानों के खेतों में सोलर फेंसिंग होगी। चार किसानों के खेतों में कांटेदार तारों से लावारिस पशुओं को रोका जाएगा। इससे किसानों के खेत लावारिस पशुओं के उत्पात से सुरक्षित हो जाएंगे। उन्हें फसल से संबंधित कोई नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। सोलर फेंसिंग में जहां किसानोंं को 70 प्रतिशत अनुदान दिया गया है, वहीं कांटेदार फेंसिंग में पचास प्रतिशत किसानों को अनुदान दिया गया है। गौरतलब है कि सामान्य श्रेणी के लिए 50 लाख रुपये की राशि इस साल जारी की गई है। अनुसूचित जाति श्रेणी में तीस लाख का बजट जिला चंबा को मिला है। बहरहाल, यह बजट अब खत्म हो गया है। अब यह कार्य पूरा होने और नए आवेदन आने के बाद बजट की मांग सरकार से की जाएगी।
कृषि विभाग चंबा के उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान ने बताया कि योजना के तहत इस बार 80 लाख रुपये का बजट जारी हुआ है। कहा कि 27 आवेदनों को स्वीकृति दी गई है। कंपनी की ओर से कार्य शुरू कर दिया गया है।