शहर में पुलिस के जबरदस्त प्रबंध के बावजूद जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। म्यूजियम मार्ग पर अक्सर गाड़ियों की लंबी कतार देखी जा सकती है। सोमवार को दिन में कई बार लगे जाम के दौरान अस्पताल जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंसती रही। चंबा अस्पताल जाने के लिए यह इकलौता मार्ग है।
भूरि सिंह संग्रहालय मार्ग पर अक्सर ट्रैफिक जाम लगा रहता है। इस मार्ग पर ट्रैफिक जाम का मुख्य कारण चौगान नंबर तीन में बनाई गई वाहन पार्किंग है। पार्किंग में जाने के लिए म्यूजियम सड़क मार्ग पर वाहन खड़े रहते हैं। इसके कारण सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। इस ट्रैफिक जाम को खोलने के लिए वहां पर कोई भी पुलिस कर्मी तैनात नहीं होता है। सोमवार को दोपहर के समय पार्किंग के बाहर लगे ट्रैफिक जाम में अन्य गाड़ियों के साथ108 एंबुलेंस भी फंसी हुई थी जिसके कारण एंबुुलेंस को मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने में ज्यादा समय लगा।
स्थानीय निवासी राकेश कुमार, अजय कुमार, प्रमोद कुमार, विरेंद्र कुमार, प्यार सिंह, सोहन लाल, धर्मपाल, योगराज, सोनू और टेक चंद ने बताया कि चंबा म्यूजियम सड़क मार्ग पर अक्सर ट्रैफिक जाम लगा रहता है। इसके कारण आम जनता को काफी परेशानी पेश आ रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि पार्किंग स्थल के पास किसी पुलिस कर्मी को तैनात किया जाए ताकि वहां पर ट्रैफिक जाम नहीं लग सके।
उधर, डीएसपी वीर बहादुर का कहना है कि पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिए जाएंगे और जाम की समस्या खत्म करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।