धरवाली से जटोता तक सड़क बनाने की मांग की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत सलूणी की आधा दर्जन से अधिक गांव के लोगों को इस सड़क के बनने से लाभ मिलेगा।
ग्रामीण सुरिंद्र सिंह, लाल चंद, जोधा राम, अशोक कुमार, देश राज, चमन सिंह, चुमारू राम, जगदीश कुमार, टेक चंद और चैन सिंह ने बताया कि सड़क सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को खच्चरों पर ही अपना सामान ढोना पड़ रहा है। इसके अलावा गांव में अगर कोई बीमार हो जाता है तो उसे पीठ पर लाद कर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। ऐसे में मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने में काफी संघर्ष करना पड़ता है।
इस सड़क के बनने से जटोता, ब्रह्म, धरवाली, मुकलाला, टप्पर, डभियुंडा, किलोड़ी, दिखनार, रोलका, शिशसिल, टैकूणी और बणी के गांववासियों को फायदा होगा। इस सड़क की कुल लंबाई करीब छह किमी है। इस बारे में जब लोनिवि के अधिशाषी अभियंता डीएस पठानिया से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सड़क बनाने के लिए वन विभाग की अनुमति मांगी गई है। जैसे ही अनुमति मिलेगी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।