पंचायतीराज चुनाव के तहत पंचायत सुनारा के बग्गा वार्ड के मतदाताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि उनका मतदान केंद्र उनके वार्ड में ही स्थापित किया जाए।
मौजूदा समय में बग्गा वार्ड के लोगों को मतदान करने के लिए वार्ड नंबर दो तागी जाना पड़ता है जहां पर लगभग तीन किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई के बाद ही पहुंचा जा सकता है। ऐसे में बूढ़े, बुजुर्ग और बीमार तो इतनी खड़ी चढ़ाई चढ़के जा नहीं सकते हैं, तो वहीं कई कामकाजी लोग भी फुरसत न होने की वजह से मतदान से किनारा कर लेते हैं।
प्रभावितों में से ओमराज, खेमराज, मोहन, गुरदियाल, राजेश कुमार, पवन कुमार, पूर्ण सिंह व कौशल्या देवी ने बताया कि यह समस्या पिछले कई वर्षों से चली आ रही है। लिहाजा लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सुनारा पंचायत के बग्गा वार्ड में मतदान केंद्र स्थापित किया जाए ताकि यहां के सौ प्रतिशत मतदाता मतदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
इस संबंध में ग्रामीणों ने सोमवार को एसडीएम चंबा से भी मुलाकात की है। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि उनके वार्ड में मतदान केंद्र स्थापित किया जाए। उधर, एसडीएम चंबा वचन सिंह ने इस बारे में जल्द ही निर्णय लेने की बात कही है।