अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। धरवाला के लोथल गांव में आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने ढाबे में बेची जा रही पंजाब की शराब को पकड़ा। निरीक्षक आबकारी एवं कराधान बलजीत सिंह और रश्मि देवी और सहायक दर्शन कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर धरवाला के लोथल गांव में दबिश दी। विभाग को सूचना मिली थी कि गांव के ढाबों में पंजाब से शराब लाकर बेची जा रही है। जबकि पंजाब की शराब हिमाचल के किसी भी स्थान पर नहीं बेची जा सकती। मंगलवार को विभागीय टीम ने दबिश देकर एक ढाबे से पंजाब से लाई शराब की पांच बोतलें पकड़ी हैं। शराब को जब्त करने के साथ ढाबा संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले से साबित हो गया है कि चंबा में पंजाब से शराब की अवैध तस्करी हो रही है। ईटीओ अजय धीमान ने बताया कि धरवाला के लोथल गांव में पंजाब से लाकर बेची जा रही शराब को विभाग की टीम ने पकड़ा है। ढाबा संचालक के खिलाफ अवैध शराब बेचने का मामला दर्ज किया है। विभाग की ओर से अवैध शराब बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।