लाहल में तीन मंजिला मकान जलकर राख
देर रात लगी आग में दस लाख की संपत्ति हुई स्वाह, परिवार हुआ बेघर
आग की लपटें देख परिवार ने भागकर बचाई जान
अमर उजाला ब्यूरो
भरमौर (चंबा)। उपमंडल भरमौर की खणी पंचायत के लाहल गांव में लकड़ी का तीन मंजिला मकान जलकर राख हो गया। आग लगने से लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई है। इसके साथ ही परिवार से कड़ाके की ठंड में छत छिन गई है। घर में आग लगने से करीब दस लाख के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलते ही प्रशासन की तरफ से तहसीलदार भरमौर ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद मुआवजा स्वरूप दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रभावितों को दी।
जानकारी के अनुसार खणी पंचायत के लाहल गांव में बुधवार देर रात करीब एक बजे ओम प्रकाश, सरवन कुमार और रत्तो राम पुत्र चंद राम के तीन मंजिला लकड़ी के मकान में आग लग गई। मकान से उठने वाले धुएं की लपटों को देखकर ग्रामीणों ने आग लगने के बारे में अन्य लोगों को बताया। लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ओमप्रकाश की नींद खुली। उसने बाहर आकर देखा तो मकान में आग भयंकर रूप धारण कर चुकी थी। ओम प्रकाश ने तुरंत कमरे में जाकर परिवार के अन्य सदस्यों को बाहर सुरक्षित निकाला। इसके साथ ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच मकान में लगी आग को बुझाने का प्रयास शुरू किए। इसके अलावा ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान और अग्निशमन विभाग को भी घटना के बारे में सूचित किया। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन की गाड़ी भी गांव में पहुंची। मगर तब तक तीन मंजिला मकान के अमूमन सात कमरे जल कर राख के ढेर बन चुके थे। मकान में लगी आग की भेंट ओम प्रकाश पूरा सामान जल गया। वीरवार को प्रशासन की और से तहसीलदार भरमौर मौके पर पहुंचें। घटना स्थल का जायजा लेने के बाद प्रशासन की ओर से प्रभावित को दस हजार रुपये फौरी राहत प्रदान की गई। बता दें कि भरमौर बीते तीन माह मे यह तीसरा अग्निकांड हो चुका है। पहले भरमौर, रजौर और अब बीती रात को लाहल में मकान आग की भेंट चढ़ा है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मकान में ओम प्रकाश का ही परिवार रहता जबकि दो भाई दूसरे मकान में रहते हैं।
तहसीलदार फीकर चंद ने बताया कि लाहल में ओम प्रकाश का तीन मंजिला मकान जल गया है। सूचना मिलने के बाद वीरवार को घटना स्थल का जायजा लिया गया।