साहो (चंबा)। ग्राम पंचायत सराहन के मटैरा में ढांक में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति की पहचान प्रतापू (65) पुत्र सुखदेव निवासी गांव चुल्ला डॉकघर सराहन के रूप में हुई है। प्रतापू शुक्रवार को पंचायत के पूर्व प्रधान की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त करने रान गांव गया था। जब वह अपने घर वापस लौट रहा था तो मटैरा के पास पांव फिसलने से वह ढांक में गिर गया। इससे उसके सिर पर गहरी चोट लगी। इसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रास्ते पर जा रहे अन्य लोगों ने उसे ढांक में पड़ा देखा। इसकी जानकारी गांववासियों व पुलिस को दी। चंबा थाना से पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ढांक से शव को बाहर निकाला और चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पंचायत प्रधान नंदो देवी ने बताया कि मटैरा में ढांक में गिरने से पंचायत के एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका ने बताया कि मटैरा के पास ढांक में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।