अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा-तीसा मार्ग पर पुखरी के पास गत्तीघार के पास दोपहर बाद एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में दो लोग सवार थे। इसमें से एक गंभीर रूप से घायल है। कार को दुर्घटनाग्रस्त होता देख सड़क से गुजर रहे लोग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायलों को उठाकर वाहन के जरिये मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। यहां पर घायलों को प्राथमिक उपचार देकर दाखिल कर लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस दल भी मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचा और घायलों के बयान कलमबद्ध किए। जानकारी अनुसार राजिंद्र कुमार पुत्र लक्ष्मीनाथ वीपीओ पुर्थी और अनिल पुत्र राम नाथ निवासी करेल ऑल्टो कार में सवार होकर चंबा-तीसा मार्ग की तरफ जा रहे थे। पुखरी के गत्तीघार के पास पहुंचने पर अचानक चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। इससे कार खाई में जा गिरी। गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही घटना के बारे में पुलिस को इतलाह दी। ग्रामीणों ने घायलों को उठाकर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। यहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सक ने दोनों घायलों को दाखिल कर लिया। सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से कानूनगो ने मेडिकल कॉलेज चंबा में पहुंचकर घायल राजिंद्र कुमार को दस हजार रुपये और अनिल कुमार को दो हजार की फौरी राहत प्रदान की। एमएस डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि चंबा-तीसा मार्ग पर गत्तीघार के पास कार दुर्घटना में घायल हुए दोनों व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देकर दाखिल कर लिया गया है।