अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जम्मू कश्मीर की सरहद से लगते भांदल गांव में गोशाला में आग लगने से एक व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया। आग में झुलसे व्यक्ति के चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुन परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायलावस्था में परिजन व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज चंबा लेकर आए हैं। यहां पर मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद दाखिल कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार चमनदास पुत्र दीनो निवासी गांव भांदल मंगलवार रात को गोशाला में मवेशियों को चारा डालने गया। यहां पर मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए उसने आग जलाई थी। गोशाला के भीतर सूखी घास रखी थी। इसी दौरा किसी कारणवश आग की चिंगारी घास के ऊपर गिर गई। इससे गोशाला में आग भड़क गई। गोशाला से धुआं उठते देख और चमनदास के चिल्लाने की आवाजें सुनकर गांवों के अन्य लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने पानी फेंककर गोशाला की आग को बुझाया। इसके साथ ही गोशाला के भीतर फंसे व्यक्ति और मवेशियों को बाहर निकाला। इसके बाद मवेशी सुरक्षित निकल आए, मगर व्यक्ति आग में बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे उपचार के लिए रात को ही मेडिकल कॉलेज चंबा लेकर आए। मेडिकल कॉलेज चंबा में चिकित्सक ने घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद भर्ती कर लिया है। इसके साथ ही दुर्घटना का मामला देख अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी। पुलिस ने अस्पताल में जाकर पीड़ित व्यक्ति के बयान दर्ज किए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि आग से झुुलसे व्यक्ति का उपचार चंबा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।