डलहौजी (चंबा)। डलहौजी पुलिस ने खज्जियार-डलहौजी मार्ग पर शराब की अवैध खेप पकड़ी है। पुलिस ने जीप से 56 पेटी अवैध शराब की बरामद की है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस की टीम ने वीरवार को खज्जियार-डलहौजी मार्ग पर आहला के पास नाका लगाया था। इस दौरान वहां से गुजरने वाली हर गाड़ी की जांच हो रही थी। इसी दौरान जीप नंबर एचपी 73-8875 को पुलिस ने चेकिंग के लिए रुकवाया। चेकिंग के दौरान गाड़ी में पुलिस को 56 पेटी अवैैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने गाड़ी चालक को शराब के बिल दिखाने को कहा। मगर चालक और उसके साथ अन्य सवार के पास शराब की सप्लाई का कोई बिल नहीं था।
इससे साफ जाहिर हो गया, कि गाड़ी में लाई जा रही शराब अवैध है। इसके चलते पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया। साथ ही चालक देवेंद्र सिंह और ढल्ल वाइन ऐजेंसी डलहौजी के इंचार्ज प्रदीप कुमार के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। चंबा जिले में पिछले कुछ समय से नशे का कारोबार काफी बढ़ गया है। इसके ऊपर अंकुश लगाने के लिए चंबा पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ा है।
इसके तहत पुलिस रोजाना नाके लगाकर अवैध शराब सहित अन्य नशे का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। इसमें पुलिस को काफी हद तक सफलता भी मिली है। पिछले दो माह में पुलिस ने लाखों लीटर अवैध शराब और कई किलों चरस बरामद की है। इसमें दर्जनों लोग भी पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। इसी अभियान के चलते उपरोक्त कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि खज्जियार-डलहौजी मार्ग पर पुलिस ने अवैध शराब की 56 पेटियां पकड़ी है। दो लोगों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी कार्यवाही को अंजाम दे रही है।