अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। पुलिस के पीओ सेल टीम ने चेक बाउंस मामले की उद्घोषित अपराधी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इसकी पहचान महिंद्र सिंह पुत्र कौर सिंह निवासी गांव लाल्ह डाकघर खणी के रूप में हुई है। इसके खिलाफ पिछले वर्ष जाली चेक देने का मामला दर्ज किया गया था। इसको लेकर शिकायतकर्ता ने कोर्ट में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। न्यायाधीश ने उसे कोर्ट में हाजिर होने के लिए समन जारी किए। मगर वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। इसके बाद कोर्ट की ओर से उसके खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया गया। इसके बाद भी आरोपी ने कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। इसके बाद 20 सितंबर 2017 को कोर्ट ने आरोपी को उद्घोषित अपराधी करार दे दिया। साथ ही उसकी तलाश करने के लिए पुलिस को निर्देश दिए। पुलिस के पीओ सेल की टीम ने उसकी तलाश शुरू की। टीम ने उसके गांव और रिश्तेदारों के यहां पूछताछ की। मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। वह जिला से बाहर जा चुका था। पीओ सेल ने उसके गांव में गुप्तचर तैनात कर दिए। पीओ सेल को उसके कांगड़ा में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पीओ सेल की टीम में शामिल हेड कांस्टेबल हमीद मोहम्मद, कांस्टेबल रविंद्र, नितेंद्र और महिला कांस्टेबल रीना रॉय कांगड़ा के लिए रवाना हुए। मंगलवार को उन्हें उद्घोषित अपराधी के कांगड़ा बस स्टैंड में होने की सूचना मिली। टीम ने सुनियोजित तरीके से बस स्टैंड में अपराधी को धर दबोचा। यहां से पकड़कर उसे चंबा लाया गया। बुधवार को अपराधी को कोर्ट में पेश किया गया। यहां पर उसे दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। उसके खिलाफ अदालत की अवमानना करने का भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि चेक बाउंस मामले के उद्घोषित अपराधी को पीओ सेल की टीम ने कांगड़ा से पकड़ा है। कोर्ट में आरोपी को दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।